नई दिल्ली: केंद्र सरकार की 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (E20) नीति को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस का आरोप है कि पेट्रोल में मिलाने के लिए बड़े पैमाने पर गन्ने और अनाज का इस्तेमाल इथेनॉल बनाने में किया जा रहा है, जिससे देश भर में चीनी और अन्य खाद्य पदार्थों के दाम आसमान छू रहे हैं।
जयराम रमेश का आरोप: 'रसोई और सफर दोनों हुए महंगे'
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार की अदूरदर्शी और जनविरोधी नीतियों का खामियाजा जनता को सड़क और रसोई दोनों जगह भुगतना पड़ रहा है।
-
गन्ने की कमी से बढ़ी कीमतें: जयराम रमेश के अनुसार, लगभग 25 लाख टन चीनी-लायक गन्ना इथेनॉल उत्पादन में डाइवर्ट कर दिया गया। इसके परिणामस्वरूप पिछले तीन महीनों में चीनी की कीमतें ₹48 से बढ़कर ₹67 प्रति किलो और गुड़ ₹50 से बढ़कर ₹65 प्रति किलो तक पहुंच गया है।
-
अन्य खाद्य वस्तुएं भी हुईं महंगी: इथेनॉल के लिए अनाज का इस्तेमाल होने से चावल में 16%, मक्के के आटे में 11% और पशु आहार की कीमतों में 10.34% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
वाहनों के माइलेज और पेट्रोल के दामों पर उठाए सवाल
कांग्रेस ने न सिर्फ खाद्य महंगाई बल्कि E20 ईंधन के वाहनों पर असर को लेकर भी गंभीर चिंता जताई:
-
इंजन खराबी और कम माइलेज: पुराने और गैर-E20 अनुकूल वाहनों में 20% इथेनॉल वाला पेट्रोल डालने से वाहनों का माइलेज घटने और इंजन खराब होने का जोखिम बढ़ गया है।
-
दाम कम क्यों नहीं? अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम होने और पेट्रोल में 20% सस्ता इथेनॉल मिलाने के बावजूद आम जनता के लिए पेट्रोल की कीमतें सस्ती क्यों नहीं की गईं?
कांग्रेस की मांग और सरकार का पक्ष
कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा इस मुद्दे को उठाने का हवाला देते हुए जयराम रमेश ने माग की कि E20 नीति की तत्काल समीक्षा की जाए और उपभोक्ताओं को बिना इथेनॉल वाले (Pure Petrol) विकल्प भी उपलब्ध कराए जाएं।
दूसरी ओर, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि वाहनों का माइलेज केवल ईंधन पर नहीं बल्कि ड्राइविंग आदतों, ट्रैफिक, गाड़ियों के रख-रखाव और एसी के इस्तेमाल जैसे कई कारकों पर निर्भर करता है और E20 ईंधन का व्यापक परीक्षण किया गया है।

More Stories
राहुल के प्रदर्शन पर जेपी नड्डा ने उठाए सवाल, पूछा- SC जांच के बीच धरना क्यों?
पैलेट गन मामले में 3 घंटे से धरना दे रहे राहुल गांधी, पुलिस से मांगा जवाब
घुसपैठ को लेकर बंगाल में सियासत तेज, अमित शाह ने ममता पर साधा निशाना