भोपाल: मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में सक्रिय हुए मजबूत मौसम तंत्र के कारण कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। डिंडौरी, पन्ना, रीवा, सतना और छतरपुर समेत अनेक क्षेत्रों में बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति निर्मित हो गई है। नर्मदा और मंदाकिनी जैसी प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। एहतियात के तौर पर मैहर और डिंडौरी के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है, जबकि डिंडौरी में आंगनवाड़ियां भी बंद रखी गई हैं।
पन्ना में नदियां उफान पर, बांध के 5 गेट खोले गए
पन्ना जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते शुक्रवार और शनिवार को विद्यालयों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। क्षेत्र की केन, मिढ़ासन, व्यारमा और पतने नदियां उफान पर हैं। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए तेंदुघाट बांध के 5 गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।
मैहर में उफनते नाले में फंसा ट्रक, पुलिस अधिकारी ने तैरकर बचाई जान
मैहर क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। मर्जुआ नाला पार करते समय एक मालवाहक ट्रक करीब 7 फीट गहरे पानी के तेज बहाव में फंस गया। सूचना मिलते ही मुकुंदपुर चौकी प्रभारी नागेश्वर मिश्रा ने साहस का परिचय देते हुए तैरकर जलमग्न ट्रक तक पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से रस्सा बांधकर चालक राकेश साहू और सह-चालक इंद्रकमल द्विवेदी को सुरक्षित बाहर निकाला।
छतरपुर, टीकमगढ़ समेत 16 जिलों में अति-भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर सहित 16 जिलों के लिए अति-भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। अनुमान के अनुसार, आगामी 24 घंटों के भीतर इन इलाकों में 4 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है। इसके अलावा ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, दमोह, पन्ना, सीधी और सिवनी जिलों में भी भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
प्रदेश भर में जारी रहेगा हल्की से तेज बारिश का सिलसिला
राज्य के अन्य हिस्सों जैसे भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, छिंदवाड़ा, शहडोल और अनूपपुर सहित अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इन क्षेत्रों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बौछारों के साथ वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।

More Stories
मुआवजा नहीं मिला तो कलेक्ट्रेट में डटे किसान, दाल-बाटी बनाकर जताया विरोध
उज्जैन में विदेशी मेहमान बनेंगे दूल्हा-दुल्हन, अग्नि को साक्षी मानकर होगा विवाह
सर-मैडम के रिश्ते का खुला राज! Gen-Alpha की नजरों ने ऐसे पकड़ ली लव स्टोरी