लीड्स टेस्ट: पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने फिर किया मैदान पर भयंकर 'ब्लंडर'; कप्तान सलमान और रिजवान की गलती से इंग्लैंड को मिला जीवनदान
लीड्स (इंग्लैंड): पाकिस्तान क्रिकेट टीम अक्सर अपने अजीबोगरीब खेल और मैदान पर होने वाली हरकतों के चलते सोशल मीडिया से लेकर पूर्व दिग्गजों के निशाने पर रहती है। इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन पाकिस्तानी टीम ने एक बार फिर ऐसा हैरान करने वाला वाकया किया, जिसके चलते वह सोशल मीडिया पर भारी मजाक का केंद्र बन गई है। टीम के विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान और कार्यवाहक कप्तान सलमान अली मैदान पर अपने सूझबूझ और होश तक खो बैठे।
सलमान और रिजवान की नासमझी से गंवाया विकेट का मौका
इंग्लैंड के बल्लेबाज लगातार क्रीज पर टिककर रन बना रहे थे। ऐसे में पाकिस्तानी गेंदबाजों और फील्डरों को जरूरत यह थी कि वे हर संभव तरीके से विकेट हासिल करने के मौके बनाएं और आधे-अधूरे मौकों (Half Chances) को भी सफलता में तब्दील करें, लेकिन इसके विपरीत पाकिस्तानी खिलाड़ी खुद ही आसान मौके गंवाते नजर आए।
ऐसा ही एक नजारा 62वें ओवर की आखिरी गेंद पर देखने को मिला। उस्मान की गेंद पर इंग्लैंड के बल्लेबाज डैन लॉरेंस आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद फुलटॉस हो गई और सीधे उनके पैड पर जा लगी। इसके बाद गेंद लुढ़ककर स्लिप में खड़े कप्तान सलमान के पास चली गई।
इस दौरान लॉरेंस अपनी क्रीज से अच्छी-खासी दूरी पर बाहर खड़े थे। नियम के मुताबिक विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान या कप्तान सलमान के पास पूरा मौका था कि वे तुरंत गेंद उठाकर स्टंप पर मारते और बल्लेबाज को रन आउट कर देते, लेकिन वे दोनों गफलत में पड़ गए और एलबीडब्ल्यू (LBW) की अपील करने में ही व्यस्त रहे। जब तक सलमान को होश आया और उन्होंने गेंद स्टंप पर मारने की कोशिश की, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और हड़बड़ी में वे गेंद सीधे रिजवान पर ही मार बैठे। यदि इस दौरान थोड़ा भी अलर्ट रहा जाता, तो पाकिस्तान को आसानी से विकेट मिल सकता था। इस जीवनदान का फायदा उठाते हुए डैन लॉरेंस ने हैरी ब्रूक के साथ मिलकर 120 रनों की एक लंबी और मजबूत साझेदारी कर डाली।
खराब फील्डिंग ने डुबोई लुटिया
पूरे दिन के खेल को देखा जाए तो पाकिस्तानी टीम की लचर फील्डिंग ने उसे भारी नुकसान पहुंचाया। कई मौकों पर खिलाड़ियों ने गेंद को रोकने या बचाने के लिए मैदान पर बुनियादी प्रयास तक नहीं किए। दिन का खेल समाप्त होने के बाद गेंदबाज उस्मान ने भी इस बात को स्वीकार किया। उन्होंने खुलकर माना कि इस प्रदर्शन के पीछे कोई बहाना नहीं बनाया जा सकता; टीम को मैदान पर और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता थी। फील्डिंग के दौरान हुई इन छोटी-छोटी और गंभीर गलतियों का भारी खामियाजा पूरी टीम को भुगतना पड़ा है।
मैदान पर इस तरह की लापरवाही के चलते इंग्लैंड ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 8 विकेट के नुकसान पर 366 रन बना लिए हैं और वह पाकिस्तान पर 195 रनों की विशाल बढ़त हासिल कर चुकी है।

More Stories
स्टीफन फ्लेमिंग के बाद CSK को एक और झटका, यह कोच भी टीम से अलग होने के मूड में
पूर्व भारतीय बल्लेबाज जैकब मार्टिन को अदालत ने किया बरी, लंबे इंतजार के बाद मिली राहत
जब मुश्किल में थी मेरठ की टीम, कप्तान रिंकू बने संकटमोचक; छक्कों की बारिश से पलटा खेल