August 21, 2026

जयपुर में CJP टीम और ग्रामीण आमने-सामने, स्कूल निरीक्षण पर हुआ हंगामा

जयपुर। राजस्थान के जयपुर में बगरू विधानसभा क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक स्कूल रामपुरा कंवरपुरा का निरीक्षण करने पहुंचे 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) कार्यकर्ताओं का ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध किया। ग्रामीणों ने मुख्य रास्ते पर घेराबंदी कर सीजेपी कार्यकर्ताओं को 'बाहरी' बताते हुए गांव से बाहर खदेड़ दिया। धक्का-मुक्की के बीच ग्रामीणों ने कहा कि सरकार द्वारा 12.50 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं और वे अपने स्तर पर स्कूल की मरम्मत करवा लेंगे।

बाड़े में पढ़ने को मजबूर बच्चे

सीजेपी की टीम का जयपुर के दो सरकारी स्कूलों—रामपुरा कंवरपुरा और वाटिका रोड स्थित भट्टा वाला स्कूल—का जायजा लेने का कार्यक्रम था। रामपुरा कंवरपुरा का प्राथमिक स्कूल पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिसकी छत की टूटती पट्टियों को लोहे के एंगल का सहारा दिया गया है। सुरक्षा कारणों से स्कूल की मुख्य इमारत बंद कर बच्चों को 50 मीटर दूर एक बाड़े में टीनशेड के नीचे पढ़ाया जा रहा है, जहां आसपास पशुओं का चारा और ईंटें बिखरी पड़ी हैं।

शिक्षा विभाग की पाबंदी पर बढ़ा विवाद

स्कूलों के निरीक्षण के बाद शिक्षा विभाग ने मीडिया और आम जनता के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है। इस पर सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि राजस्थान के शिक्षा मंत्री राज्य की बदहाल शिक्षा व्यवस्था को छिपाने के लिए तानाशाही रवैया अपना रहे हैं। रांका ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बच्चों को तबेले में पढ़ाया जा रहा है और विरोध करने पर भाजपा अपने गुंडे भेज रही है। उन्होंने साफ किया कि जब तक प्रदेश के सभी स्कूलों की स्थिति में सुधार नहीं होता, उनका निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।