चित्तौड़गढ़: जिले के रावतभाटा स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय की छात्राओं ने अपनी लोकप्रिय शिक्षिका के तबादले के विरोध में स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। छात्राएं पिछले पांच वर्षों से सेवाएं दे रही शिक्षिका कल्पना हाड़ा का स्थानांतरण निरस्त करने की मांग कर रही हैं। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं के सड़क पर आ जाने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्राओं की समझाइश कर उन्हें विद्यालय परिसर में भेजा और आवागमन बहाल कराया।
शिक्षिका के बेहतरीन परीक्षा परिणाम और योगदान का दिया हवाला
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना है कि शिक्षिका कल्पना हाड़ा विद्यालय में विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषय पढ़ाती हैं और उनके पढ़ाए विषयों का परीक्षा परिणाम लगातार 100 प्रतिशत रहा है। वे अध्यापन के साथ-साथ कमजोर विद्यार्थियों के मार्गदर्शन, सांस्कृतिक गतिविधियों और साहित्यिक प्रतियोगिताओं में भी महत्वपूर्ण योगदान देती रही हैं। छात्राओं को आशंका है कि उनके अचानक चले जाने से पढ़ाई का नुकसान होगा।
पूर्व में सौंपा था ज्ञापन, विधायक से बातचीत के बाद शांत हुआ आक्रोश
छात्राओं ने बताया कि तबादला निरस्त कराने के लिए वे पूर्व में भी प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगा चुकी थीं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्थानांतरण रोकने का अनुरोध किया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उन्हें प्रदर्शन का रास्ता चुनना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं का समर्थन किया। पूर्व अध्यक्ष की पहल पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ से टेलीफोन पर छात्राओं की बात कराई गई। विधायक द्वारा समस्या के उचित समाधान का ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद ही छात्राओं का आक्रोश शांत हुआ।

More Stories
BJP की नई टीम में मन्नालाल रावत का बढ़ा कद, मिली ST मोर्चे की राष्ट्रीय कमान
बच्चों की सुरक्षा और निजता हमारी प्राथमिकता, स्कूल प्रवेश को लेकर मदन दिलावर ने साफ की स्थिति
भाजपा की नई टीम में राजस्थान को खास तवज्जो, वसुंधरा राजे-सतीश पूनिया को अहम जिम्मेदारी