नई दिल्ली। बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान का भारत दौरा तकरीबन तय हो गया है। दोनों देशों के अधिकारी तारिक रहमान के जल्द से जल्द नई दिल्ली दौरे की तैयारी कर रहे हैं। कोशिश की जा रही है कि इस महीने के आखिर तक या सितंबर महीने के पहले हफ्ते में तारिक रहमान नई दिल्ली आ सकते हैं ताकि दोनों देशों के बीच के रिश्ते को सामान्य किया जा सके। अधिकारियों को उम्मीद है कि तारिक रहमान अगर दिल्ली आते हैं तो गंगा जल संधि और ऊर्जा समझौतों को फिर से शुरू करने का रास्ता साफ होगा।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इसके अलावा भारत ने पिछले साल मई में बांग्लादेश पर जो व्यापारिक प्रतिबंध लगाए थे उसे भी खत्म किया जा सकेगा। राजनयिक सूत्रों ने उम्मीद जताई कि आने वाले कुछ दिनों में सकारात्मक घटनाक्रम हो सकते हैं। ढाका में सूत्रों ने दोनों पक्षों के बीच चल रही बातचीत पर संतोष जताया है, लेकिन चेतावनी दी है कि भारत से बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना या उनकी पार्टी अवामी लीग की लगातार गतिविधियां नई पहलों पर असर डाल सकती हैं। हालात को जल्द से जल्द सामान्य करना होगा क्योंकि राजनयिक बातचीत का मौका जल्द ही खत्म हो सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि साल के बचे हुए चार महीनों में भारतीय नेतृत्व के लिए अन्य दौरे और कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक भारत और बांग्लादेश के बीच बातचीत का सिलसिला 10 अगस्त को शुरू हुआ जब उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने ढाका में सचिवालय में तारिक रहमान से मुलाकात की थी। यह बैठक उस तनाव के माहौल में हुई जो 5 अगस्त को नई दिल्ली के फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब में शेख हसीना और उनके बेटे सजीब वाजेद जॉय की वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस से पैदा हुआ था। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस से बहुत नाराज है और उसने इस घटना को बांग्लादेश की संप्रभुता का अपमान बताया।
बता दें भारत और बांग्लादेश के बीच पिछले 10 दिनों में एक के साथ एक कई घटनाएं घटी हैं। 9 अगस्त को बांग्लादेश ने भारत सरकार की बाहरी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग के सेक्रेटरी पराग जैन के नेतृत्व वाले एक प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी की थी। जबकि शेख हसीना के प्रेस कॉन्फ्रेंस से भारतीय विदेश मंत्रालय ने खुद को अलग कर लिया। इसके अलावा भारतीय विदेश मंत्रालय ने तारिक रहमान को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए भी न्योता भेजा है। हालांकि तारिक रहमान ब्रिक्स में शायद ही भारत आएंगे।

More Stories
असम के लिए रेजिडेंट डॉक्टरों की बाढ़ राहत टीम रवाना
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निवास पर तिरंगा झंडा फहराया
5 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए राजस्व कर्मचारी को दो साल की सजा, 40 हजार रुपये जुर्माना