August 13, 2026

अब किराए का नहीं रहेगा सहारा, 472 परिवारों को मिला अपना पक्का घर

जयपुर: जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की पहल पर विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतु वर्ग के 472 परिवारों को निशुल्क फ्लैट प्रदान किए गए हैं। राजधानी के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लाभार्थी परिवारों को उनके सपनों के घर की चाबियां सौंपी। जयसिंहपुरा क्षेत्र में निर्मित इन बहुमंजिला आवासों के आवंटन से लंबे समय से आश्रयहीन जीवन जी रहे सैंकड़ों परिवारों को अब अपना स्थायी ठिकाना मिल गया है।

जयसिंहपुरा में आधुनिक सुविधाओं से लैस आवास

JDA द्वारा तैयार किए गए प्रत्येक फ्लैट में एक कमरा, हॉल, रसोईघर और आधुनिक शौचालय-स्नानघर की व्यवस्था की गई है। इस आवंटन से 472 परिवारों का जीवन स्तर सुधरेगा और उन्हें एक सुरक्षित परिवेश मिलेगा। समारोह के दौरान नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि यह स्थायी ठिकाना इन परिवारों को सामाजिक रूप से मजबूत बनाने, बच्चों को शिक्षित करने और जीवन में आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान करेगा।

अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आजादी के लंबे अंतराल के बाद भी पूर्ववर्ती सरकारों ने इस वंचित समाज की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्तमान सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बजट घोषणा के अनुरूप आवास आवंटन के साथ-साथ इन परिवारों को स्वरोजगार के लिए ऋण और अनुदान सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।