नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के नोएडा सेक्टर-49 के अंतर्गत बरौला गांव स्थित एक पेइंग गेस्ट (PG) आवास में एक युवती की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। असम की मूल निवासी 19 वर्षीय महक अहमद पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई है। इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद उसी मंजिल पर रहने वाला युवक रमन अपना कमरा बंद कर फरार हो गया है। शुरुआती जांच में शराब पीने के दौरान हुई मामूली कहासुनी को इस खौफनाक हत्याकांड की वजह माना जा रहा है।
रोजगार की तलाश में नोएडा आई थी मृतका
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका महक अहमद मूल रूप से असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली थी। उसने 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की थी और करीब तीन सप्ताह पहले ही अपने परिवार को बिना बताए नौकरी की तलाश में नोएडा पहुंची थी। यहां वह अपनी पुरानी सहेली संजना (18 वर्ष) के साथ बरौला स्थित पीजी में रह रही थी। संजना भी असम की ही रहने वाली है और उसने अभी अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी नहीं की है।
शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद
पुलिस की छानबीन में सामने आया है कि दोनों युवतियां तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल पर एक कमरे में रहती थीं। इसी मंजिल पर बिहार के कटिहार का रहने वाला रमन नामक युवक भी रहता था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रमन ने बीटेक की पढ़ाई की है और पहले किसी आईटी कंपनी में कार्यरत था, हालांकि पिछले कुछ समय से वह बेरोजगार चल रहा था।
घटना की रात (8 अगस्त) महक और उसकी सहेली संजना अपने कमरे के बाहर लॉबी में टहल रही थीं, जबकि रमन वहीं बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी हो गई। विवाद किस बात पर शुरू हुआ और उसके बाद क्या कुछ हुआ, पुलिस इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

More Stories
लूट के 46 लाख प्लास्टिक की बाल्टी में छिपाए, पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
राजस्थान औद्योगिक पार्क प्रोत्साहन नीति के मॉडल-ए में निवेशकों ने दिखाई रूचि, 23 आवेदन प्राप्त हुए
RTE भुगतान समेत कई मांगों पर नाराजगी, निजी स्कूल संचालकों ने दी विधानसभा घेराव की चेतावनी