August 11, 2026

मामूली विवाद बना मौत की वजह, पाइप से हमले में कारीगर की जान गई; मालिक घायल

सिरसा: हरियाणा के सिरसा में सिरसा रोड स्थित जवाहर नगर के पास सोमवार की रात मामूली कहासुनी ने एक खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। बाइक सवार कुछ युवकों ने विवाद बढ़ने पर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और दो लोगों पर लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ हमले कर दिए। इस जानलेवा हमले में जीप बॉडी बनाने वाले 46 वर्षीय कारीगर की मौत हो गई, जबकि दुकान मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

बाइक सवार युवकों से हुआ था मामूली विवाद

मृतक की पहचान वार्ड नंबर 20 के चौहान नगर निवासी 46 वर्षीय गुरवचन सिंह सोनी उर्फ बब्बू पुत्र बलवीर सिंह सोनी के रूप में हुई है, जबकि घायल दुकान मालिक की पहचान जवाहर नगर निवासी बख्शीश सिंह उर्फ बब्बू पुत्र जगरूप सिंह के रूप में हुई है। अस्पताल में उपचाराधीन बख्शीश सिंह ने पुलिस को बताया कि वह जीप बॉडी बनाने की दुकान चलाते हैं और गुरवचन सिंह उनकी दुकान पर कारीगर के तौर पर काम करता था। सोमवार की रात दोनों बाइक पर सवार होकर जवाहर नगर की तरफ जा रहे थे।

रास्ते में कुछ बाइक सवार युवकों ने उन्हें अपशब्द कहे, जिसका विरोध करने पर आरोपी युवकों ने फोन करके अपने साथियों को भी वहां बुला लिया। आरोप है कि मौके पर पहुंचते ही उन लोगों ने दोनों पर लोहे के पाइप से अंधाधुंध प्रहार शुरू कर दिए। इस हमले में गुरवचन सिंह बुरी तरह लहूलुहान हो गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल बख्शीश सिंह किसी तरह अपने साथी गुरवचन को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने गुरवचन सिंह को मृत घोषित कर दिया। इस हमले में बख्शीश सिंह को भी शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं।

वारदात की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। घायल दुकान मालिक के अनुसार हमलावर डबवाली क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इस दुखद घटना की खबर फैलते ही चौहान नगर और जीप कारोबार से जुड़े तमाम लोग बड़ी संख्या में सरकारी अस्पताल में एकत्र हो गए, और लोगों में भारी रोष व्याप्त है। पुलिस आरोपियों की तलाश और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई