भटवाड़ी (उत्तरकाशी): भटवाड़ी के पापड़गाड़ में भू-धंसाव प्रभावित गंगोत्री हाईवे पर एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, कांवड़ यात्रियों का एक पिकअप वाहन गंगोत्री धाम की ओर जल भरने जा रहा था, जो कि भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र से गुजरने के दौरान अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी की ओर फिसलने लगा। गनीमत यह रही कि वहां मौजूद बड़े पत्थरों की वजह से वाहन नदी में गिरने से बच गया, जिसे बाद में एक्सावेटर मशीन की मदद से सुरक्षित खींचकर सड़क पर वापस लाया गया। कांवड़ यात्रियों के डीजे और साउंड सिस्टम आदि से ओवरलोड चल रहे इन वाहनों के कारण यहां लगातार हादसों का गंभीर खतरा बना हुआ है।
पुलिस द्वारा नहीं की जा रही कोई कार्रवाई
इसके बावजूद ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध स्थानीय पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र से वाहनों में सवार लोगों को नीचे उतारकर आवाजाही कराई जा रही है। इसके अलावा, सुरक्षित यातायात संचालन के लिए मौके पर 8 से 10 पुलिस जवानों को भी तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि बीते 3 अगस्त को पापड़गाड़ के पास गंगोत्री हाईवे का लगभग 70 मीटर हिस्सा अचानक धंस गया था, जिस पर बड़ी-बड़ी गहरी दरारें आ गई थीं। स्थिति को संभालते हुए बीआरओ (बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन) ने मलबे और पत्थरों की फिलिंग कर इस हाईवे को फिलहाल यातायात के लिए अस्थायी रूप से तैयार किया है।

More Stories
JPSC विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका, फिर से परीक्षा कराने की मांग
कलकत्ता हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती, विदेश जाने की इजाजत के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे अभिषेक बनर्जी
डिग्री की मांग को लेकर छात्रों का हंगामा, पटना यूनिवर्सिटी में बिगड़ा दीक्षांत समारोह का माहौल