सीएम विजय के परिवार में राहत, पत्नी ने वापस लिया तलाक का मामला

चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और उनकी पत्नी संगीता का 27 साल पुराना रिश्ता टूटने से बच गया है। संगीता ने अपने पति के खिलाफ दायर तलाक की अर्जी को आधिकारिक तौर पर वापस ले लिया है, जिससे उनके तमाम प्रशंसकों ने बड़ी राहत की सांस ली है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, संगीता के याचिका वापस लेने के बाद चेंगलपट्टू कोर्ट ने इस तलाक के मामले को पूरी तरह से बंद कर दिया है।

अदालत में खत्म हुआ मामला, चेंगलपट्टू कोर्ट ने बंद की कार्रवाई

बीते कुछ समय से दोनों के बीच अनबन और तलाक की खबरों ने मीडिया में काफी सुर्खियां बटोरी थीं। संगीता ने अपनी याचिका में कई गंभीर बातें कही थीं, लेकिन अब आपसी सहमति या हालात में आए बदलाव के बाद उन्होंने कोर्ट से अपना केस वापस ले लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अदालत ने इस प्रकरण को समाप्त घोषित कर दिया है।

याचिका में लगाए गए थे गंभीर आरोप और बेवफाई के दावे

अपनी शुरुआती तलाक की अर्जी में संगीता ने मुख्यमंत्री विजय पर गंभीर आरोप लगाए थे। याचिका में दावा किया गया था कि अप्रैल 2021 में उन्हें विजय के एक अभिनेत्री के साथ रिश्ते में होने की बात पता चली थी। आरोप यह भी था कि पति के पब्लिकली उस अभिनेत्री से मिलने-जुलने के कारण उन्हें और परिवार को असहज स्थितियों का सामना करना पड़ा था। हालांकि, अब इन तमाम दूरियों को पीछे छोड़कर दोनों ने अपने परिवार को प्राथमिकता दी है।

तृषा कृष्णन के साथ नाम जुड़ने और लिंकअप की रही थी चर्चा

विजय और संगीता की शादी साल 1999 में हुई थी और इस दंपति के दो बच्चे—बेटा जेसन संजय और बेटी दिव्या साशा हैं। पिछले कुछ महीनों में एक्टर और राजनीति में कदम रख चुके विजय का नाम अभिनेत्री तृषा कृष्णन के साथ लगातार जोड़ा जा रहा था। तमिलनाडु चुनाव 2026 के दौरान और शपथ ग्रहण समारोह में तृषा की मौजूदगी ने इन चर्चाओं को और हवा दी थी, हालांकि विजय और तृषा दोनों ने हमेशा अपने रिश्ते को सिर्फ एक अच्छी दोस्ती ही बताया है।