भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर मध्य प्रदेश के सियासी गलियारों में बधाई संदेशों का तांता लगा रहा। इस खास मौके पर मध्य प्रदेश कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए अपने नेता के प्रति निष्ठा और सम्मान व्यक्त किया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में भाजपा खेमे की चुप्पी और पूर्व मुख्यमंत्रियों के परस्पर विरोधी रुख ने एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में दलगत प्राथमिकताओं की चर्चा छेड़ दी है।
एक तरफ जहां कांग्रेस नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट्स राहुल गांधी के लिए शुभकामना संदेशों से पटे नजर आए, वहीं सत्ताधारी दल भाजपा के अधिकांश बड़े नेताओं ने इस दिन से दूरी बनाए रखी। दिलचस्प बात यह रही कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले कई वरिष्ठ नेता भी इस मौके पर अपने पूर्व नेता को बधाई देना भूल गए।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिखाई राजनीतिक सदाशयता
इस राजनीतिक उदासीनता के बीच भाजपा के दिग्गज नेता और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक अलग मिसाल पेश की। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने राजनीतिक मतभेदों और दलगत सीमाओं को दरकिनार करते हुए अपनी सहज और उदार छवि के अनुरूप मर्यादा दिखाई। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' (ट्विटर) पर पोस्ट साझा कर लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
जीतू पटवारी ने बताया आशा और विश्वास का स्रोत
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पूरे प्रदेश की ओर से राहुल गांधी को बधाई संदेश भेजा। उन्होंने अपने 'एक्स' हैंडल पर लिखा:
"समूचे मध्य प्रदेश की ओर से नेता प्रतिपक्ष एवं जननायक आदरणीय राहुल गांधी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। आपका संघर्ष, समर्पण और देश के प्रति अटूट संकल्प करोड़ों भारतीयों के लिए आशा और विश्वास का स्रोत है। गरीब, वंचित, किसान, युवा, महिलाएँ और समाज के हर तबके के लोग आपके नेतृत्व में सम्मान, समान अवसर और न्याय की उम्मीद देखते हैं।"
पटवारी ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए उनके दीर्घायु होने और जनता के अधिकारों की इस निरंतर लड़ाई के लिए असीम ऊर्जा और साहस पाने की मंगलकामना भी की।
उमंग सिंघार का संदेश— नफरत के अंधेरे में मोहब्बत की रोशनी
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी राहुल गांधी के संघर्षपूर्ण राजनीतिक सफर की सराहना करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। सिंघार ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा:
"नफरत के अंधेरों में मोहब्बत की रोशनी ही असली उम्मीद है। सत्य, साहस, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए आपका निरंतर संघर्ष देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों और वंचितों को नई शक्ति प्रदान कर रहा है। विपरीत परिस्थितियों में भी जनता की बुलंद आवाज़ बनकर खड़े रहने का आपका अटूट संकल्प लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बना रहा है।"
उन्होंने आगे लिखा कि सत्ता के अहंकार के सामने अडिग रहने का राहुल गांधी का यह संकल्प करोड़ों कार्यकर्ताओं और देशवासियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।
दिग्विजय सिंह सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं ने भी दीं शुभकामनाएं
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के चाणक्य कहे जाने वाले वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की विशेष बधाई दी। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस के अन्य विधायकों, पदाधिकारियों और अग्रिम संगठनों के प्रमुखों ने राहुल गांधी के चित्र साझा कर उनके नेतृत्व की सराहना की। इस दौरान मध्य प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कई स्थानों पर सेवा कार्यों और कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।

More Stories
अंदरूनी कलह के बीच सक्रिय हुए अभिषेक बनर्जी, पार्टी सांसदों संग पहुंचे ओम बिरला के पास
राज्यसभा परिणामों में NDA का जलवा, मोदी सरकार की स्थिति हुई और मजबूत
युवाओं के लिए 2400 करोड़ की सौगात, पीएम मोदी ने किया ऐलान