मुजफ्फरपुर। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल मंगलवार को मुजफ्फरपुर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। अपने इस दौरे के दौरान वह मुशहरी, मीनापुर और कुढ़नी प्रखंडों में आयोजित होने वाले 'सहयोग शिविरों' का जायजा लेंगे। मंत्री का मुख्य फोकस राजस्व और जमीन से जुड़े मामलों के जल्द निपटारे पर रहेगा। मुजफ्फरपुर पहुंचने के बाद वह सबसे पहले प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लेंगे, जिसके बाद वह सीधे जनता के बीच शिविरों में शामिल होंगे।
जमीन और राजस्व विवादों का मौके पर होगा निपटारा
इन विशेष सहयोग शिविरों का मुख्य उद्देश्य आम जनता की जमीन से जुड़ी समस्याओं को दूर करना है। शिविर में मुख्य रूप से भूमि विवाद, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), जमाबंदी और राजस्व से जुड़े मामलों की सीधी सुनवाई होगी। प्रभारी मंत्री खुद जनता से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनेंगे और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को समस्याओं के तुरंत समाधान के निर्देश देंगे।
लापरवाही पर ऑन-द-स्पॉट एक्शन की तैयारी
डॉ. दिलीप जायसवाल मंत्री पद संभालने के बाद से ही लगातार एक्टिव मोड में काम कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने जनता की शिकायतों को गंभीरता से न लेने पर कुढ़नी प्रखंड के राजस्व अधिकारी को निलंबित (सस्पेंड) कर दिया था। मुख्यमंत्री के कड़े रुख के बाद सरकार के मंत्री लगातार एक्शन में हैं, इसलिए इस दौरे के दौरान भी काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई की गाज गिर सकती है।
एनडीए नेताओं की मौजूदगी में प्रशासनिक मुस्तैदी
मंत्री के इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। संबंधित विभागों के आला अधिकारियों को हर हाल में शिविर में मौजूद रहने और पेंडिंग मामलों को निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान प्रभारी मंत्री के साथ बीजेपी, जेडीयू और एलजेपी (लोजपा) के स्थानीय विधायक और नेता भी मौजूद रहेंगे।

More Stories
राजस्थान में ईंधन की किल्लत, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से खपत बढ़ी
नई रेल लाइन और एयरपोर्ट के खिलाफ राजस्थान में भारी विरोध, जानें बड़ी वजह
शराब घोटाला: वकील न पहुंचने से केजरीवाल-सिसोदिया मामले की सुनवाई स्थगित