कोलकाता। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की फालता सीट पर हुए मतदान को रद्द कर दिया है। आयोग ने विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 पोलिंग बूथों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया है। इस सीट पर 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान ईवीएम में गड़बड़ी, हिंसा और धांधली की शिकायतें सामने आई थीं। पुनर्मतदान के बाद मतगणना 24 मई को कराई जाएगी।
फालता विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ पर भाजपा के चुनाव चिन्ह के सामने ईवीएम पर टेप लगाए जाने का मामला भी सामने आया था, जिसके बाद विवाद और गहरा गया। चुनाव आयोग ने शिकायतों को गंभीर मानते हुए पूरे क्षेत्र में पुनर्मतदान का फैसला लिया।
इससे पहले शनिवार को मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर भी दोबारा मतदान कराया गया। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक इन 15 बूथों पर करीब 90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
दक्षिण 24 परगना जिले में मतदान के दौरान टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कई जगह झड़पें हुईं। फालता में कुछ मतदाताओं ने आरोप लगाया कि मतदान के बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की। विरोध करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोगों को सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं।
वहीं टीएमसी ने भी सुरक्षाबलों पर आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि मगराहाट के बूथ नंबर 127 पर सुरक्षाबलों ने उनके कैंप में तोड़फोड़ की और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।
मुख्यमंत्री ममता बेनर्जी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए काउंटिंग एजेंट्स को संबोधित करते हुए दावा किया कि टीएमसी राज्य में 200 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

More Stories
नतीजों से पहले सियासी संग्राम, BJP बोली—ममता की हार तय
राहुल गांधी केस में सावरकर मुद्दा फिर गरमाया, गवाही में बड़े खुलासे
J&K की पहचान कश्मीरी पंडितों से जुड़ी: फारूक अब्दुल्ला