MP Weather Today: मध्य प्रदेश में मौसम तेजी से करवट ले रहा है. अप्रैल के पहले हफ्ते में जहां आंधी और बारिश का दौर देखने को मिलेगा, वहीं 15 अप्रैल के बाद प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ने के संकेत हैं. खासतौर पर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्म रहेगा, जबकि इंदौर, भोपाल, उज्जैन और सागर संभाग के शहरों में भी तापमान लगातार बढ़ेगा. मौसम विभाग के भोपाल केंद्र ने 1 से 4 अप्रैल के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है.
अगले 24 घंटे में बदलेगा मौसम
आने वाले 24 घंटों में ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर समेत कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. इसके अलावा आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार और बड़वानी में भी आंधी-बारिश के आसार हैं.
पहले से बदला हुआ है मौसम का रुख
पिछले दो दिनों से प्रदेश में मौसम पहले ही अस्थिर बना हुआ है. करीब 12 जिलों में ओले गिर चुके हैं, जबकि 40 से ज्यादा जिलों में आंधी और बारिश दर्ज की गई है. धार जिले के कुक्षी और मनावर में ओलावृष्टि हुई, वहीं रात के समय भी कई इलाकों में मौसम बदलता रहा.
1 से 4 अप्रैल तक बारिश का दौर
1 अप्रैल को कई जिलों में आंधी-बारिश जारी रहने की संभावना है. इसके बाद 2 अप्रैल को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सागर, छिंदवाड़ा, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम और बैतूल समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है. 3 और 4 अप्रैल को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला बना रह सकता है.
गर्मी ने भी दिखाना शुरू किया असर
आंधी-बारिश के बीच गर्मी भी तेजी से बढ़ रही है. नर्मदापुरम में तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि खजुराहो, दमोह और रतलाम में तापमान 39 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया. बड़े शहरों में भोपाल और जबलपुर में 37 डिग्री, इंदौर और ग्वालियर में 36.6 डिग्री तथा उज्जैन में 36 डिग्री तापमान रहा.
आने वाले दिनों में बढ़ेगी तपिश
प्रदेश के प्रमुख शहरों में फिलहाल मौसम मिला-जुला बना हुआ है, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. नमी कम होने के कारण गर्मी ज्यादा तीखी महसूस हो रही है और दोपहर के समय लू जैसे हालात बन सकते हैं. आने वाले दिनों में तापमान 38 डिग्री के पार जाने की संभावना है.
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. आंधी और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित जगह पर रहने की जरूरत है. साथ ही बढ़ती गर्मी को देखते हुए पर्याप्त पानी पीना और धूप से बचाव करना जरूरी बताया गया है. आने वाले समय में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की भी आशंका जताई गई है.

More Stories
Vishvas Sarang का सख्त बयान, हत्यारों को फांसी और अवैध निर्माणों पर बुलडोजर
चंबल के बीहड़ का रहस्यमयी मंदिर, आधी रात की आरती में जुटते हैं भक्त
KBC फेम तहसीलदार अमिता सिंह तोमर सस्पेंड, राहत राशि में घोटाले का आरोप