अबोहर में कंजक पूजन से पहले मधुमक्खियों का हमला, 7 बच्चे समेत महिला घायल

अबोहर। के राजीव नगर क्षेत्र में वीरवार सुबह अष्टमी के अवसर पर कंजक बैठने के लिए जा रहे बच्चों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिससे सात बच्चे और एक महिला घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब बच्चे गली नंबर 5 स्थित एक घर जा रहे थे और रास्ते में एक पेड़ पर लगे मधुमक्खी के छत्ते पर शरारत से पत्थर फेंक दिया। पत्थर लगते ही मधुमक्खियां भड़क उठीं और सभी बच्चों पर हमला कर दिया। घायल बच्चों में पायल, खुशी, निक्की, चांद, राजीव, युवराज और प्रियांशी शामिल हैं। बच्चों के चीखने-चिल्लाने पर युवराज की मां रजनी मौके पर पहुंची, लेकिन मधुमक्खियों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। घायलों को तत्काल इलाज के लिए एक ऑटो चालक ने अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में फार्मासिस्ट अक्षय कुमार ने बताया कि सभी घायलों को मधुमक्खियों ने काटा था और इलाज के बाद उन्हें इंजेक्शन लगाए गए। सभी को निगरानी में रखा गया और बाद में छुट्टी दे दी गई। इस घटना ने क्षेत्र में चिंता का माहौल बना दिया है। लोग अब पेड़-पौधों के पास अधिक सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।