चंडीगढ़ | हरियाणा में सरकारी राशन वितरण व्यवस्था तकनीकी खामियों के कारण ठप पड़ गई है। प्रदेश के करीब 9300 राशन डिपो पर लगी पुरानी और कंडम हो चुकी बायोमीट्रिक मशीनों के सर्वर बंद होने से लगभग 1.59 करोड़ लाभार्थियों को मार्च का राशन अब तक वितरित नहीं हो पाया है।5जी के दौर में भी ये मशीनें 2जी नेटवर्क पर आधारित हैं, जिसके कारण डिपो होल्डरों को लंबे समय से धीमी नेटवर्क स्पीड, सॉफ्टवेयर अपडेट में दिक्कत और खराब बैटरी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि हर महीने एक से तीन तारीख के बीच राशन वितरण पूरा हो जाता था, लेकिन इस बार 10 मार्च तक भी वितरण प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।सिरसा के कालांवाली निवासी नाजर सिंह के मुताबिक पहले हर महीने तय समय पर राशन मिल जाता था लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है जब महीने की 10 तारीख तक भी सरकारी दुकान से राशन नहीं मिला। राशन लेने के लिए लोग बार-बार डिपो के चक्कर लगा रहे हैं। डिपो होल्डर मशीन का सर्वर न चलने की बात कहकर इंतजार करने को कह रहे हैं।
2017 से चल रही पुरानी पीओएस मशीनें
प्रदेश के डिपो होल्डरों को वर्ष 2017 में ऑनलाइन सिस्टम के तहत बायोमीट्रिक और दस्तावेज अपलोड करने वाली पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीनें दी गई थीं। नवंबर 2016 में ट्रायल के बाद जून 2017 से इन्हें पूरी तरह लागू किया गया। इन मशीनों का मासिक किराया करीब 1250 रुपये है लेकिन इनमें केवल बायोमीट्रिक सुविधा ही उपलब्ध है।
डिपो होल्डरों ने पहले भी उठाई थी मांग
कालांवाली क्षेत्र के गांव हस्सू के डिपो होल्डर हरविंदर सिंह गिल के अनुसार पुरानी मशीनों में सर्वर और सॉफ्टवेयर की समस्या अक्सर आती रहती है। पहले कभी-कभी एक-दो दिन राशन वितरण में देरी हो जाती थी लेकिन इस बार स्थिति ज्यादा गंभीर है और 10 मार्च तक भी वितरण शुरू नहीं हो पाया। नई मशीनें लगाने की मांग पहले भी विभागीय अधिकारियों के सामने रखी जा चुकी है।
1.59 करोड़ लोग सरकारी राशन पर निर्भर
प्रदेश में मार्च तक कुल 39,88,155 राशन कार्ड हैं। एक कार्ड पर औसतन चार सदस्यों के हिसाब से लगभग 1 करोड़ 59 लाख 52 हजार 620 लोग सरकारी राशन पर निर्भर हैं।
एसोसिएशन बोली-पूरा सिस्टम ठप
ऑल राशन डिपो होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के मीडिया प्रभारी गुरतेज सिंह सोढ़ी का कहना है कि मशीनों के कंडम होने और सर्वर समस्या के कारण पूरे प्रदेश में राशन वितरण प्रभावित है। कई कार्डधारक डिपो होल्डरों से उलझ रहे हैं, जबकि असल में पूरा सिस्टम ही ठप पड़ा है।
मंत्री बोले-जल्द मिल जाएगा राशन
प्रदेश के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर का कहना है कि तकनीकी समस्या को जल्द ठीक किया जा रहा है और लाभार्थियों को जल्द ही मार्च महीने का राशन मिल जाएगा। सरकार की ओर से डिपो होल्डरों को 10 हजार नई 5जी आधारित पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीनें देने के लिए करीब 100 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है।

More Stories
RBSE बोर्ड परीक्षाएं खत्म, 30 हजार शिक्षक कॉपियों के मूल्यांकन में जुटे
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर मनाया जाएगा राजस्थान दिवस, 14 मार्च से राज्यभर में आयोजन
घरेलू उपभोक्ताओं की रसोई गैस आपूर्ति पर सरकार सख्त, जिलों को दिए सुचारु वितरण के निर्देश