गाजियाबाद। प्रताप विहार इलाके के एक फ्लैट में अवैध रूप से भ्रूण लिंग परीक्षण किए जाने का मामला सामने आया है। जिला स्वास्थ्य विभाग और हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर मौके से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, प्रोब उपकरण, जेली और 16 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों बलवान और वसीम को गिरफ्तार किया गया। एक आरोपी अश्वनी भागने में सफल रहा। मामले में पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। जानकारी के अनुसार, हरियाणा के झज्जर जिले की स्वास्थ्य विभाग टीम को गाजियाबाद में भ्रूण लिंग परीक्षण किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने एक डिकोय (मिथ्या ग्राहक) को जांच कराने के लिए भेजा। उसने आरोपियों से संपर्क कर भ्रूण लिंग परीक्षण कराने की बात कही।
आरोपियों ने उसे प्रताप विहार के एक फ्लैट में बुलाया, जहां पोर्टेबल मशीन के जरिये जांच की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान पहले से तैयार संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मार दिया। बताया गया कि आरोपी बलवान पहले भी भ्रूण लिंग परीक्षण के आरोप में पकड़ा जा चुका है। जमानत पर छूटने के बाद वह फिर से यही काम शुरू कर देता है। पीसीपीएनडीटी के कार्यकारी नोडल अधिकारी जीके मिश्रा ने बताया कि कार्रवाई हरियाणा की झज्जर टीम के साथ मिलकर की गई। इस दौरान प्रशासन की ओर से सदर तहसीलदार उमेश त्यागी भी मौके पर मौजूद रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि मौके से बरामद सामान सील कर दिया गया है। संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। फरार आरोपी की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

More Stories
‘मैं आज्ञाकारी पुत्र हूं’—मुकेश भाकर की इंटर-कास्ट शादी पर निर्मल चौधरी का बयान चर्चा में
5जी के दौर में 2जी सिस्टम फेल: हरियाणा में 9300 डिपो पर राशन वितरण ठप
यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को हाईकोर्ट से नहीं मिली जमानत, जासूसी मामला बताया गंभीर