ईरान, इस्राइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बीच सोशल मीडिया पर एक अलग ही ट्रेंड देखने को मिला। राजनीतिक बयानबाजी के शोर में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को लेकर मीम्स और व्यंग्यात्मक पोस्ट्स वायरल हो गए और हैरानी की बात यह रही कि ये तंज खुद पाकिस्तानी फैंस ने किए। पाकिस्तान टीम के टी20 विश्वकप 2026 से बाहर होने पर निराश पाकिस्तानी फैंस ने टीम के सीनियर खिलाड़ियों को निशाना बनाया। उन्हें ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जोड़ते हुए मजेदार कमेंट किए। दरअसल, सोमवार को ईरान ने दावा किया था कि अमेरिका और इस्राइल ने उसके परमाणु ठिकानों पर हमला किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान पर हमलों को सही ठहराते हुए कहा कि तेहरान का परमाणु कार्यक्रम अमेरिका के लिए बढ़ता खतरा बन गया था। पाकिस्तानी फैंस का तंज इसी से जुड़ा हुआ है।
'परमाणु कार्यक्रम' वाले मीम्स कैसे शुरू हुए?
एक फेसबुक पोस्ट में एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'डोनाल्ड ट्रंप, मैं ईरान के परमाणु कार्यक्रम का सक्रिय सदस्य हूं और मुझे यह कहने में डर नहीं लगता। मेरा नाम शादाब खान है और मैं पाकिस्तान क्रिकेट टीम में खेलता हूं।'इसके बाद कमेंट्स की बाढ़ आ गई। किसी ने लिखा, 'सलमान अली आगा को मत भूलना, वह भी ईरान के परमाणु कार्यक्रम में काम करने वाले वैज्ञानिक हैं।' इसका जवाब देते हुए एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए कहा, 'एक और सदस्य हैं, शाहीन शाह अफरीदी।'किसी ने खुद को सैम अयूब बताते हुए लिखा, 'मैं जूनियर एनालिस्ट हूं और पाकिस्तान क्रिकेट टीम का हिस्सा हूं।' और एक यूजर ने चुटकी ली और लिखा, 'मैं बाबर आज़म हूं और इस परमाणु कार्यक्रम का परियोजना प्रमुख हूं।'इन पोस्ट्स में खिलाड़ियों के नामों का इस्तेमाल पूरी तरह व्यंग्य और मीम कल्चर के तहत किया गया। ऐसा लग रहा है कि पाकिस्तान फैंस इन खिलाड़ियों का नाम लेकर ट्रंप से कह रहे हैं कि इन्हें भी सजा दो।
खुद की टीम पर खुद का वार
ध्यान देने वाली बात यह है कि ये तंज किसी विरोधी देश के फैंस ने नहीं, बल्कि पाकिस्तान के ही सोशल मीडिया यूजर्स ने किए। हालिया टी20 वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद टीम पहले से आलोचना झेल रही है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक तनाव को मीम के साथ जोड़कर फैंस ने अपनी ही टीम का मजाक उड़ाया। शादाब खान, शाहीन शाह अफरीदी, सलमान अली आगा, सैम अयूब और बाबर आजम जैसे खिलाड़ियों के नामों को लेकर किए गए ये कमेंट्स तेजी से वायरल हो गए।
राजनीति, क्रिकेट और मीम कल्चर
ईरान-इज़राइल-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच सोशल मीडिया पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम को लेकर वायरल मीम्स ने एक अलग बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर अक्सर देखा गया है कि जब भी वैश्विक स्तर पर कोई बड़ा राजनीतिक या सैन्य मुद्दा सुर्खियों में होता है, तो मीम संस्कृति उसे खेल और मनोरंजन से जोड़ देती है। यहां भी ईरान-इस्राइल-अमेरिका तनाव की पृष्ठभूमि में क्रिकेट को जोड़कर व्यंग्य रचा गया। हालांकि, कुछ यूजर्स ने इस तरह के मजाक को संवेदनशील मुद्दों से जोड़ने पर आपत्ति भी जताई और इसे गैर-जिम्मेदाराना बताया।

More Stories
The Hundred: नीलामी में 14 पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल, क्या भारतीय फ्रेंचाइजी लगाएंगी बोली या फिर होगी किरकिरी?
मैदान में हार, अब जेब पर मार?: पाकिस्तान पर आइसलैंड की चुटकी, कहा- इससे अच्छा टी20 विश्वकप का बहिष्कार कर देते
छठी बार टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में टीम इंडिया, जानें पिछली 5 बार का पूरा रिकॉर्ड