टी20 विश्वकप 2026 में सुपर-8 में पहुंचने की जंग रोमांचक हो चली है। हर ग्रुप में कांटे की टक्कर है और कोई भी हार मानने को तैयार नहीं है। हालांकि, पहले की तुलना में इस विश्वकप में ज्यादा उलटफेर देखने को नहीं मिले हैं, लेकिन फिर भी एक-दो कागज पर कमजोर दिखने वाली टीमों ने मजबूत खेल दिखाया है। भारत समेत अब तक कुल पांच टीमों ने सुपर-आठ के लिए क्वालिफाई कर लिया है, वहीं पांच टीमें रेस से बाहर हो चुकी हैं। अब सुपर-आठ में खाली तीन स्थान के लिए 10 टीमों के बीच टक्कर है। आइए सुपर-आठ का क्वालिफिकेशन समीकरण देखते हैं और जानते हैं कि पूरा मामला क्या है…
पहले जानिए कि किस ग्रुप से अब तक कितनी टीमों ने सुपर-8 के लिए क्वालिफाई किया
नोट: हर ग्रुप से 2-2 टीम सुपर-8 में जाएगी। NRR का मतलब नेट रन रेट है। Q मतलब क्वालिफाइड और E मतलब एलिमिनेटेड।
ग्रुप A अंक तालिका
टीम मैच जीत हार अंक NRR
भारत (Q) 3 3 0 6 +3.050
यूएसए 4 2 2 4 +0.787
पाकिस्तान 3 2 1 4 -0.403
नीदरलैंड 3 1 2 2 -1.352
नामीबिया (E) 3 0 3 0 -2.443
ग्रुप B अंक तालिका
टीम मैच जीत हार अंक NRR
श्रीलंका (Q) 3 3 0 6 +2.462
जिम्बाब्वे 2 2 0 4 +1.984
ऑस्ट्रेलिया 3 1 2 2 +0.414
आयरलैंड 3 1 2 2 +0.150
ओमान (E) 3 0 3 0 -4.546
ग्रुप C अंक तालिका
टीम मैच जीत हार अंक NRR
वेस्टइंडीज (Q) 3 3 0 6 +1.820
इंग्लैंड (Q) 4 3 1 6 +0.201
स्कॉटलैंड (E) 3 1 2 2 +0.359
इटली (E) 3 1 2 2 -0.588
नेपाल (E) 3 0 3 0 -1.942
ग्रुप D अंक तालिका
टीम मैच जीत हार अंक NRR
द. अफ्रीका (Q) 3 3 0 6 +1.477
न्यूजीलैंड 3 2 1 4 +0.701
अफगानिस्तान 3 1 2 2 -0.215
यूएई 3 1 2 2 -0.797
कनाडा 2 0 2 0 -1.526
अब ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबलों से पहले क्वालिफिकेशन की तस्वीर काफी हद तक साफ हो चुकी है।
सभी ग्रुपों का हाल 4 पॉइंट्स में
ग्रुप ए से भारत ने लगातार तीन जीत के साथ सबसे पहले सुपर-8 का टिकट हासिल किया। पाकिस्तान पर 61 रन की बड़ी जीत ने टीम का आत्मविश्वास और मजबूत किया। अब इस ग्रुप से दूसरी टीम की दौड़ रोचक है। पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को अपने आखिरी मैच में नामीबिया से भिड़ना है। जीत उसे सीधे अगले दौर में पहुंचा देगी, लेकिन अगर पाकिस्तान हारता है, तो दो जीत के साथ खड़ी अमेरिका टीम बेहतर नेट रन रेट (NRR) के आधार पर आगे बढ़ सकती है।ग्रुप बी में श्रीलंका टीम ने ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हराकर सुपर-8 में एंट्री की। इस नतीजे ने ऑस्ट्रेलिया टीम को बाहर होने के कगार पर ला खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया तभी आगे बढ़ सकता है जब जिम्बाब्वे राष्ट्रीय क्रिकेट टीम अपने दोनों बचे मैच हार जाए और उसका नेट रन रेट भी ऑस्ट्रेलिया से खराब रहे। अगर जिम्बाब्वे एक भी मैच जीतता है, तो ऑस्ट्रेलिया की राह बंद हो जाएगी। इसके अलावा आयरलैंड टीम भी समीकरण में है। यदि आयरलैंड जिम्बाब्वे पर बड़ी जीत हासिल करता है, यानी 100 रन से या फिर 10 ओवर में मैच खत्म करके और चार अंक पर पहुंचता है, तो उसका नेट रन रेट ऑस्ट्रेलिया से बेहतर हो सकता है और टीम सुपर-8 में जा सकती है। इस स्थिति में आयरलैंड को मनाना होगा कि जिम्बाब्वे श्रीलंका से आखिरी ग्रुप मैच हार जाए। अगर जिम्बाब्वे श्रीलंका को हराता है तो श्रीलंका और जिम्बाब्वे का पहुंचना तय हो जाएगा।ग्रुप सी में इंग्लैंड टीम ने इटली को 24 रन से हराकर टूर्नामेंट की तीसरी जीत दर्ज की और सुपर-8 में जगह बनाई। वेस्टइंडीज की टीम पहले ही तीन मैचों में तीन जीत के साथ अगले दौर में पहुंच चुकी थी। इस ग्रुप में अब बाकी टीमें सिर्फ सम्मान के लिए खेलेंगी।ग्रुप डी में अफगानिस्तान टीम की यूएई पर जीत के बाद दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 में जगह बना ली। अब न्यूजीलैंड अगर कनाडा के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप मैच जीत लेता है, तो वह भी क्वालिफाई कर जाएगा।हालांकि एक चौंकाने वाला समीकरण भी है। अगर कनाडा जीत दर्ज करता है, तो अफगानिस्तान को कनाडा के खिलाफ बड़े अंतर से जीतकर नेट रन रेट के सहारे आगे बढ़ने का मौका मिल सकता है।यानी सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर चुकी टीमों में ग्रुप-ए से भारत (6 अंक, +3.050 NRR), ग्रुप-बी से श्रीलंका (6 अंक, +2.462 NRR), ग्रुप-सी से वेस्टइंडीज (6 अंक, +1.820 NRR) और इंग्लैंड (6 अंक, +0.201 NRR) और ग्रुप-डी से दक्षिण अफ्रीका (6 अंक, +1.477 NRR), शामिल हैं।ग्रुप स्टेज में भारत का अभी एक मैच (नीदरलैंड के खिलाफ 18 फरवरी), श्रीलंका का एक मैच (जिम्बाब्वे के खिलाफ 19 फरवरी), वेस्टइंडीज का एक मैच (इटली के खिलाफ 19 फरवरी) और दक्षिण अफ्रीका का एक मैच (यूएई के खिलाफ 18 फरवरी) बचा है।
सुपर-8 के बाकी तीन स्थानों पर 10 टीमों की जंग
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 के लिए तीन जगहें अभी खाली हैं और 10 टीमें अभी भी रेस में बनी हुई हैं। तीन जगहों के लिए जंग बेहद रोमांचक है। कुछ टीमों की किस्मत उनके अपने प्रदर्शन पर निर्भर है (पाकिस्तान, न्यूजीलैंड), जबकि कुछ को दूसरे मैचों के नतीजों का इंतजार है (यूएसए, आयरलैंड, यूएई)। आने वाले मैच तय करेंगे कि सुपर-8 की तस्वीर क्या होगी और शायद कुछ और बड़े उलटफेर भी देखने को मिलें। आइए टीम-दर-टीम समझते हैं किसकी क्या स्थिति है:
ग्रुप बी
जिम्बाब्वे (4 अंक, +1.984 NRR): जिम्बाब्वे ने टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराया। दो मैच जीतकर मजबूत स्थिति में है। अब उसे आयरलैंड और श्रीलंका से खेलना है। एक और जीत उसे लगभग सुपर-8 में पहुंचा सकती है।
आयरलैंड (2 अंक, +0.150 NRR): आयरलैंड की उम्मीदें बहुत कमजोर हैं। तीन मैचों में सिर्फ एक जीत (ओमान के खिलाफ) मिली है। अगर वह जिम्बाब्वे को हरा भी दे, तो भी उसे अन्य मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा।
ऑस्ट्रेलिया (2 अंक, +0.414 NRR): श्रीलंका से हार के बाद ऑस्ट्रेलिया बाहर होने की कगार पर है। अब उसे ओमान पर बड़ी जीत चाहिए और उम्मीद करनी होगी कि जिम्बाब्वे आयरलैंड और श्रीलंका दोनों से हार जाए। ऐसे में मामला आखिर में नेट रन रेट पर अटक सकता है।
यूएसए (4 अंक, +0.788 NRR): यूएसए अपने सभी ग्रुप मैच खेल चुका है। अब उसकी नजर पाकिस्तान के नतीजे पर है। अगर पाकिस्तान हारता है, तो बेहतर नेट रन रेट के कारण यूएसए आगे बढ़ सकता है। शैडली वैन शाल्कविक 13 विकेट लेकर टूर्नामेंट के टॉप विकेटटेकर हैं।
नीदरलैंड (2 अंक, -1.352 NRR): डच टीम की राह बेहद मुश्किल है। उन्हें भारत के खिलाफ बड़ा उलटफेर करना होगा और उम्मीद करनी होगी कि पाकिस्तान नामीबिया से बुरी तरह हारे। पाकिस्तान के खिलाफ पहला मैच करीबी हार उन्हें भारी पड़ रहा है।
पाकिस्तान (4 अंक, -0.139 NRR): पाकिस्तान की किस्मत उसके अपने हाथ में है। आखिरी मैच जीतते ही सुपर-8 पक्का, लेकिन हार की स्थिति में उसे भारत से उम्मीद करनी पड़ेगी कि वह नीदरलैंड को हरा दे। अब तक उसका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है।
ग्रुप C
अफगानिस्तान (2 अंक, -0.215 NRR): अफगानिस्तान की राह मुश्किल है, लेकिन उम्मीद बाकी है। यूएई पर जीत से अभियान जिंदा है। अब उसे कनाडा पर बड़ी जीत चाहिए और यह भी दुआ करनी होगी कि कनाडा पहले न्यूजीलैंड को हरा दे, ताकि समीकरण उसके पक्ष में बने।
ग्रुप डी
कनाडा (0 अंक, -1.526 NRR): दोनों शुरुआती मैच हारने के बावजूद गणितीय रूप से अभी भी दौड़ में है। न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान पर बड़ी जीत ही उसे उम्मीद दे सकती है। कुछ खिलाड़ियों ने शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन जरूर किया है।
न्यूजीलैंड (4 अंक, +0.701 NRR): न्यूजीलैंड मजबूत स्थिति में है। समीकरण साफ है, कनाडा को हराओ और सुपर-8 में पहुंच जाओ। किसी भी अंतर से जीत काफी होगी।
यूएई (2 अंक, -0.797 NRR): यूएई की संभावना बहुत कम है। अगर न्यूजीलैंड कनाडा को हरा देता है तो उनका सफर खत्म हो जाएगा। लेकिन अगर कनाडा जीतता है, तो यूएई को दक्षिण अफ्रीका पर बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।
ये पांच टीमें सुपर-8 की दौड़ से हुईं बाहर
पांच टीमों का सफर ग्रुप स्टेज में ही थम गया। हालांकि, इनमें से कुछ टीमों, खासकर इटली और नेपाल ने अपने जज्बे से प्रभावित जरूर किया। सुपर-आठ की दौड़ अब और भी रोमांचक होने वाली है।
ग्रुप सी
इटली (2 अंक, -0.588 NRR): इटली ने पहली बार किसी भी फॉर्मेट के क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया और अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीता। ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, श्रीलंका और भारत मूल के खिलाड़ियों से सजी टीम ने अच्छा खेल दिखाया। स्कॉटलैंड से हार के अलावा उन्होंने नेपाल को हराया और दो बार की चैंपियन इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी। हालांकि, उनका सफर सुपर-8 से पहले ही खत्म हो गया, लेकिन उन्होंने कई प्रशंसक जरूर बनाए।
नेपाल (0 अंक, -1.942 NRR): नेपाल ने टूर्नामेंट की शुरुआत दमदार अंदाज में की और इंग्लैंड को लगभग हरा ही दिया था। 184 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वे 180/6 तक पहुंचे, लेकिन जीत से चूक गए। इसके बाद टीम की लय टूट गई। इटली से 10 विकेट की हार और वेस्टइंडीज से पराजय ने उन्हें सुपर-8 की रेस से बाहर कर दिया।
स्कॉटलैंड (2 अंक, +0.359 NRR): बांग्लादेश की जगह देर से एंट्री पाने वाली स्कॉटलैंड ने मिलाजुला प्रदर्शन किया। वेस्टइंडीज से हार के बाद इटली को 73 रन से हराया, लेकिन इंग्लैंड से पांच विकेट की हार ने उनकी उम्मीदें तोड़ दीं। इंग्लैंड की इटली पर जीत के साथ ही उनका सफर समाप्त हो गया।
ग्रुप ए
नामीबिया (0 अंक, -2.443 NRR): नामीबिया ने कुछ मौकों पर अच्छी शुरुआत की, खासकर यूएसए के खिलाफ रन चेज में, लेकिन जीत में तब्दील नहीं कर सके। यूएसए, भारत और नीदरलैंड से हार के बाद उनका ग्रुप चरण में ही सफर खत्म हो गया।
ग्रुप बी
ओमान (0 अंक, -4.546 NRR): ओमान के लिए यह टूर्नामेंट बेहद निराशाजनक रहा। जिम्बाब्वे से आठ विकेट की हार, बड़ी रन से पराजय और आयरलैंड के खिलाफ हार के साथ वे एक भी मैच नहीं जीत सके। 2024 टी20 वर्ल्ड कप में भी उनका प्रदर्शन ऐसा ही रहा था।
सुपर-8 में किस प्रकार बनेगा ग्रुप?
ग्रुप स्टेज से क्वालिफाई करने वाली आठ टीमें सुपर-8 चरण में खेलेंगी। यहां इन टीमों को चार-चार टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। हर टीम अपने ग्रुप में मौजूद बाकी तीन टीमों के खिलाफ तीन मैच खेलेगी। आईसीसी ने सुपर-8 के लिए पहले से सीडिंग सिस्टम तय कर रखा है। हालांकि, अगर कोई बड़ी या सीडेड टीम ग्रुप स्टेज में बाहर हो जाती है, तो उसे हराकर क्वालिफाई करने वाली टीम उसी स्लॉट में सुपर-8 खेलेगी। यानी जो कोड पुरानी टीम को दिया गया था, वह नहीं बदलेगा, बस टीम बदल जाएगी।
उदाहरण के तौर पर आईसीसी को यकीन था कि ऑस्ट्रेलिया सुपर-8 में क्वालिफाई कर जाएगी और उसे X2 सीड दिया गया था। अब जब जिम्बाब्वे ने उलटफेर किया और उसका सुपर-8 में जाना तय और ऑस्ट्रेलिया का बाहर होना तय माना जा रहा है तो X2 सीड अब जिम्बाब्वे को दी जाएगी। जो चार ग्रुप हैं और उनमें आईसीसी द्वारा पहले से दी गई सीड इस प्रकार हैं-
ग्रुप A: भारत (X1), नामीबिया, नीदरलैंड्स, पाकिस्तान (Y3), अमेरिका
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया (X2), आयरलैंड, ओमान, श्रीलंका (Y4), जिम्बाब्वे (ऑस्ट्रेलिया बाहर हुआ तो X2 सीड जिम्बाब्वे को, अगर जिम्बाब्वे की टीम क्वालिफाई की तो)
ग्रुप C: इंग्लैंड (Y1), इटली, नेपाल, स्कॉटलैंड, वेस्टइंडीज (X3)
ग्रुप D: अफगानिस्तान, कनाडा, न्यूजीलैंड (Y2), दक्षिण अफ्रीका (X4), यूएई
सुपर-8 में आठ टीमों को दो ग्रुप एक्स (X) और वाई (Y) में बांटा जाएगा। आईसीसी ने पहले से सीडेड टीमें तय कर रखी थीं। उसके मुताबिक सुपर-8 ग्रुप कुछ ऐसा दिख सकता है-
ग्रुप-1 सीड (X): भारत, जिम्बाब्वे (अभी तय नहीं, पहले ऑस्ट्रेलिया था यहां, लेकिन उस पर बाहर होने का खतरा है), वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका।
ग्रुप-2 सीड (Y): इंग्लैंड, न्यूजीलैंड (अभी तय नहीं), पाकिस्तान (अभी तय नहीं, नामीबिया पर जीत से तय होगा) और श्रीलंका।

More Stories
साहिबजादा अब क्यों नहीं बना रहे फिल्म? हार्दिक ने निकाली हेकड़ी, डॉक्यूमेंट्री धरी की धरी रह गई!
रेणुका ने रैंकिंग में लगाई छह स्थान की छलांग, दीप्ति दूसरे नंबर पर मौजूद; सादिया शीर्ष पर
क्या बारिश करेगी ऑस्ट्रेलिया टीम का काम तमाम? एक अंक से जिम्बाब्वे पहुंचेगा सुपर-8 में