ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित प्रसिद्ध बिजनेस स्कूल बिमटेक (BIMTECH) के बॉयज हॉस्टल में मंगलवार को हुए गोलीकांड ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। इस घटना में 22 वर्षीय छात्र दीपक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका साथी 23 वर्षीय देवांश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। देवांश को कैलाश अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। हालांकि, इलाज के दौरान देवांश की भी मौत हो गई। अब देवांश के पिता का दर्द सामने आया है। वे कहते हैं कि पत्नी को पहले ही खो चुके हैं। बेटे को कुछ हुआ तो किसके लिए जिएंगे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस पूरी घटना पर अब तक कॉलेज प्रबंधन की ओर से कारणों को लेकर स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।
रिटायरमेंट समारोह से लौटा था बेटा
देवांश चौहान मूल रूप से आगरा का रहने वाला था। वह बिमटेक में पीजीडीएम फर्स्ट ईयर का छात्र था। सोमवार को वह अपने पिता सुरेंद्र सिंह चौहान के रिटायरमेंट समारोह के बाद हॉस्टल लौटा था। सुरेंद्र सिंह 31 अगस्त को रिटायर हुए थे। वे यूपी एसटीएफ में सर्किल अफसर के पद से रिटायर हुए हैं। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे देवांश आगरा से टैक्सी लेकर कॉलेज के लिए रवाना हुआ था।
पिता ने बयां किया दर्द
घटना की सूचना पाकर जब पिता सुरेंद्र अस्पताल पहुंचे तो वे भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि मैं किसके लिए जिऊंगा, अगर इसे कुछ हो गया तो? बीवी को मैं पहले ही खो चुका हूं। दरअसल, देवांश की मां की 2021 में कोविड की दूसरी लहर के दौरान मृत्यु हो गई थी। मंगलवार की सुबह करीब 7:30 बजे मैंने बेटे को कॉल किया तो उसने बताया कि वह कॉलेज पहुंचने ही वाला है।
पिता की रिवॉल्वर से चली गोली
पुलिस ने मौके से एक रिवॉल्वर बरामद की है। सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यह रिवॉल्वर उनकी निजी थी, जिसे वे आलमारी में लॉक कर रखते थे। उन्हें अंदाजा नहीं था कि बेटा इसे घर से हॉस्टल तक ले आया। छात्रों के मुताबिक, देवांश और दीपक दोनों ही अपनी क्लास के टॉपर थे और अच्छे दोस्त थे। हालांकि, वे रूममेट नहीं थे। घटना हॉस्टल की पहली मंजिल पर एक कमरे में हुई। छात्रों का कहना है कि कॉलेज प्रबंधन ने इस पूरे मामले पर किसी से बात न करने के निर्देश दिए हैं।
ऐसे घटी पूरी घटना
मंगलवार सुबह 7:30 बजे पिता से आखिरी बार देवांश ने फोन पर बात की। उसने बताया कि वह कॉलेज पहुंचने वाला है। सुबह 9:30 बजे देवांश कॉलेज कैंपस पहुंचा। सुबह 11:26 बजे सुरक्षा कर्मियों ने हॉस्टल के कमरे में देवांश और दीपक को घायल अवस्था में देखा। दोपहर को कॉलेज प्रशासन ने परिजनों को सूचना दी कि देवांश की तबीयत गंभीर है। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा देवांश, मथुरा के एक निजी कॉलेज से बीटेक करने के बाद सरकारी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। हाल ही में उसने बिमटेक में एडमिशन लिया था। सोमवार को ही उसने अपनी तीसरी तिमाही की फीस ऑनलाइन जमा की थी।

More Stories
गुजरात में मौसम ने ली करवट, 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
नारनौल अवैध खनन घोटाले में बड़ी कार्रवाई, तत्कालीन सहायक खनन अधिकारी गिरफ्तार
बठिंडा कस्टोडियल डेथ केस: पांच पुलिसकर्मियों पर हत्या का ट्रायल तय