नई दिल्ली: राजधानी में मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (MTP) किट यानी गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली दवा का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश डमी ग्राहक ने फिल्मी अंदाज में किया। जब दिल्ली ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट का यह सूचना मिली कि राजधानी के कई दुकानों पर MTP किट अवैध तरीके से बेची जा रही है तो उन्होंने अलग-अलग दुकानों पर डमी ग्राहक भेजकर इस अवैध कारोबार को उजागर किया। इसके बाद 41 दुकानदारों के खिलाफ नोटिस जारी कर कार्रवाई की गई है।
विभाग ने चलाया विशेष अभियान
दिल्ली सरकार के ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने MTP किट की अवैध बिक्री रोकने के लिए 5 से 7 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया। इसमें साउथ दिल्ली के बदरपुर, जसोला, कालकाजी , पुल प्रहलादपुर, ईस्ट दिल्ली के लक्ष्मी नगर, घोंडा, मौजपुर, नॉर्थ और वेस्ट दिल्ली के रोहिणी, पीतमपुरा, शालीमार बाग , उत्तम नगर, बुद्ध विहार, रिठाला, मदनपुर, हरिनगर और नांगलोई शामिल रहे।
रंगे हाथ पकड़ा दुकानदार
एक अधिकारी ने बताया कि इस छापेमारी के दौरान आसपास से गुजर रहे लोग को डमी ग्राहक बनाकर मेडिकल स्टोर पर भेजा गया, जहां उन्होंने किसी पंजीकृत डॉक्टर के लिखे पर्चे के बिना मेडिकल किट मांगी और दुकानदार ने बिना किसी झिझक के ग्राहक को दवा दे दी। इसी दौरान दिल्ली ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दुकानदार को अवैध तरीके से दवा देते हुए रंगे हाथ पकड़ ली।
41 की दुकानों पर बिक रही थी दवाएं
इस अभियान में 157 दुकानों पर छापेमारी की गई, जिसमें 41 दुकान पर अवैध तरीके से दवा बिकती हुई मिली। ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने कहा है कि पकड़े गए 41 मेडिकल स्टोरों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत नोटिस जारी किया गया है। साथ ही लाइसेंस रद्द करने की भी कवायद जारी है।
क्या है MTP किट और क्यों है खतरनाक ?
एक्सपर्ट के मुताबिक, MTP किट में मिफेप्रिस्टोन और मिसोप्रोस्टोल नामक दवाएं होती हैं। यह दवा केवल पंजीकृत डॉक्टर की देखरेख में ही दी जा सकती है। बिना डॉक्टर की निगरानी या पर्चे के इस्तेमाल करने से गंभीर खतरा हो सकते हैं। जैसे जीवन के लिए खतरा, हैवी ब्लीडिंग, बांझपन समेत अन्य गंभीर दिक्कतें हो सकती है। एक्सपर्ट की अपील है कि MTP किट कभी भी बिना डॉक्टर की सलाह के न खरीदे।

More Stories
गुजरात में मौसम ने ली करवट, 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
नारनौल अवैध खनन घोटाले में बड़ी कार्रवाई, तत्कालीन सहायक खनन अधिकारी गिरफ्तार
बठिंडा कस्टोडियल डेथ केस: पांच पुलिसकर्मियों पर हत्या का ट्रायल तय