एनएच-44 पर फ्लाईओवर धंसा, सड़कों पर पानी ही पानी यातायात हुआ प्रभावित
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली इस समय बाढ़ के खतरे के दौर से गुजर रही है। तटबंध तोड़ती यमुना ने दिल्ली के निचले इलाकों पर आमद दर्ज करा दी है। निगम बोध घाट पूरी तरह जलमग्न हो जाने के कारण अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक दी गई है। अब लोगों को पंचकुइयां श्मशान घाट भेजा जा रहा है। वहीं, दिल्ली सचिवालय परिसर तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। बेला रोड स्थित स्वामी नारायण मंदिर भी बाढ़ की जद में आ गया।
गुरुवार सुबह 10 बजे ओल्ड रेलवे ब्रिज (ओआरबी) पर यमुना का जलस्तर 207.47 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है। लगातार हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने और दिल्ली के वजीराबाद व ओखला बैराज से भारी डिस्चार्ज होने के चलते नदी का जलस्तर स्थिर रहने के बावजूद खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। बाढ़ की सबसे डराने वाली तस्वीर अलीपुर से आई, जहां एनएच-44 पर फ्लाईओवर धंस गया और एक ऑटो उसमें फंस गया। इस हादसे में ड्राइवर घायल हो गया।
राहत शिविर भी हुए जलमग्न
यमुना में आई बाढ़ का पानी गीता कॉलोनी, स्वामीनारायण मंदिर, मजनूं का टीला, आईएसबीटी और सिविल लाइंस समेत कई रिहायशी व संवेदनशील इलाकों तक पहुंचा है, यहां पानी भर गया है। यहां तक कि राहत के लिए बनाए गए मयूर विहार फेज-1 के शिविर भी जलमग्न हो गए हैं। आईटीओ चौराहे पर हालात सबसे ज्यादा खराब हैं।
यातायात हुआ प्रभावित
भारी बारिश और बाढ़ के चलते यात्री बसों व अन्य वाहनों के चालन में खासी दिक्कतें आई हैं, इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने राजघाट की ओर जाने वाला रास्ता एहतियातन बंद कर दिया है। सीवेज और बारिश का पानी सड़कों पर फैलने से यातायात पूरी तरह प्रभावित है। वहीं, कश्मीरी गेट बस टर्मिनल और सचिवालय का अंडरपास पानी में डूब चुके हैं। राहत व बचाव कार्य जारी है, लेकिन बाढ़ के पानी से राजधानी के बिगड़ते हालात ने लोगों के सामने सुरक्षा और आवाजाही की बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। यदि बारिश का दौर जारी रहा तो यमुना का जलस्तर और बढ़ सकता है, जिससे स्थिति और भयावह होने की आशंका जताई जा रही है।
स्पाइसजेट की उड़ानों पर असर
राजधानी दिल्ली में लगातार भारी बारिश और खराब मौसम के चलते हवाई सेवाओं पर भी बुरा असर देखने को मिल रहा है। विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने यात्रियों को आगाह किया है कि दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने और यहां पहुंचने वाली सभी उड़ानें मौसम के कारण प्रभावित हो सकती हैं। स्पाइसजेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपडेट जारी करते हुए कहा, कि दिल्ली (डीईएल) में खराब मौसम के कारण सभी प्रस्थान/आगमन और उनसे संबंधित उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति पर नजर रखें। एयरलाइन ने अपील की है कि यात्री हवाई अड्डे पर आने से पहले अपनी उड़ान की ताजा स्थिति वेबसाइट या ऐप पर जरूर जांच लें। मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए कंपनी ने यात्रियों से ऑनलाइन सूचना से जुड़े रहने की सलाह दी है।

More Stories
पटना में दर्दनाक हादसा: जदयू विधायक के बेटे की मौत
प्रदेश के कई जिलों में मौसम का बदला मिजाज, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
भाजपा की जिला कमेटियों का ऐलान इसी हफ्ते, तीन दिन तक मंथन