देवघर।
देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में नियमों का उल्लंघन कर गर्भगृह में जबरन प्रवेश करने के आरोप में भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, सांसद मनोज तिवारी समेत कई लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।
यह मामला पांडा धर्म रक्षिणी सभा के पूर्व महामंत्री कार्तिक नाथ ठाकुर की लिखित शिकायत पर बाबा मंदिर थाना में दर्ज हुआ। आरोप है कि 2 अगस्त की शाम सांसद दुबे अपने समर्थकों के साथ मंदिर के निकास द्वार से भीतर घुस गए और इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की भी हुई।
एफआईआर में सांसद दुबे के अलावा कनिष्कांत दुबे, सदरी दुबे और अभयानंद झा के नाम भी शामिल हैं। इन पर धार्मिक परंपराओं के उल्लंघन, सरकारी कार्य में बाधा और अव्यवस्था फैलाने जैसी धाराएं लगाई गई हैं।
सांसद दुबे का जवाब
निशिकांत दुबे ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा— "मुझ पर पहले से 51 केस दर्ज हैं। यह मामला सिर्फ इसलिए दर्ज हुआ क्योंकि मैंने पूजा की। शनिवार को मैं खुद थाने जाकर गिरफ्तारी दूंगा।"
भाजपा का पलटवार
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए झारखंड पुलिस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी नीचता की हद पार कर साजिश रच रहे हैं, लेकिन वर्दी स्थायी नहीं होती, कर्म और नीयत ही पहचान होती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

More Stories
कुत्ते के डर से नहर में कूदा बच्चा, गहरे पानी में डूबकर गई जान
क्षतिग्रस्त सड़कों की समय पर हो मरम्मत, मौसमी बीमारियों की प्रभावी रोकथाम के लिए उठाएं ठोस कदम: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
‘लोगों का भरोसा बरकरार’, One Nation One Election को लेकर CEC ज्ञानेश कुमार का बयान