शहर में एटीएम से पैसे चोरी करने का अनूठा मामला सामने आया है। आरोपित एटीएम की पैसों की निकासी वाली जगह पर टेप चिपकाकर उपभोक्ताओं के पैसे चोरी कर रहे थे। थाना सिटी की पुलिस ने दो लोगों को काबू किया है।
जांच अधिकारी एसआइ वरिंदर पाल ने बताया कि आरोपित गुरुद्वारा सिंह सभा के सामने स्थित बैंक के एटीएम में दाखिल होकर पैसों की निकासी वाली जगह को चाबी से खोलकर उसमें काले रंग की टेप लगा देते थे। इसके चलते जब भी कोई व्यक्ति पैसे निकलवाने के लिए एटीएम में आता था तो टेप लगी होने के कारण पैसे बाहर नहीं निकल पाते थे।
उपभोक्ता कुछ समय तक इंतजार करने के बाद चला जाता था, जिसके बाद आरोपित एटीएम में घुसकर टेप हटा देते थे और पैसे निकाल लेते थे। इस तरह से उपभोक्ता के खाते से पैसे निकल जाते थे, लेकिन उसे प्राप्त नहीं होते थे। इसे लेकर उपभोक्ता बैंक से शिकायत कर रहे थे।
आरोपितों की पहचान सचिन कुमार निवासी डेरा खुर्द पिसावा, जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश और कैलाश निवासी गांव आसफपुर, थाना खुर्जा, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के तौर पर हुई है। पुलिस आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।

More Stories
अबोहर में कंजक पूजन से पहले मधुमक्खियों का हमला, 7 बच्चे समेत महिला घायल
एक दिन की SDM बनीं खनक राठौर, ‘बेटी बचाओ’ अभियान से जुड़ी पहल
सिरोही में 700 साल पुराना अनोखा मंदिर, बालस्वरूप में विराजे हैं श्रीराम